यूपी: कोआपरेटिव बैंक में भर्ती घोटाले के आरोपियों पर दर्ज होगा मुकदमा- योगी
अखिलेश यादव की सरकार के कार्यकाल के दौरान भर्तियों में हुए घोटाले को लेकर यूपी की योगी सरकार बेहद ही सख्त है।
बीते गुरुवार को सहकारिता विभाग की भर्ती में हुए घोटाले को लेकर केस दर्ज हुआ था। इसी क्रम में सोमवार को तीन बड़े अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
सहकारिता विभाग में उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक में अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल के दौरान सहायक प्रबंधक के पद पर भर्ती के दौरान अनियमितता के मामले में केस दर्ज होने के बाद अब अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक भर्ती घोटाले में तीन और अधिकारियों को सोमवार को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित होने वालों में उप महाप्रबंधक दिलीप कुमार प्रसाद, उप महाप्रबंधक शैलेश यादव और सहायक महाप्रबंधक सिद्धार्थ श्रीवास्तव हैं।
वहीं, इससे पहले सहकारिता विभाग भर्ती घोटाले में सात नामजद आरोपितों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की गई थी।
सीएम योगी आदित्यनाथ के दोषी अफसरों के विरुद्ध केस दर्ज करने की अनुमति मिलने के बाद विशेष अनुसंधान दल एसआइटी ने यह कार्रवाई की है।
एसआइटी ने प्रकरण में बीते दिनों अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी थी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश की थी।