यूपी : प्रदेश भर में तैनात 16929 आरक्षी नागरिक पुलिस मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत
बुलंदशहर 30 नवंबर को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय पुलिस अधीक्षक कार्मिक उत्तर प्रदेश टीएस सिंह ने आदेश जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि प्रदेश भर में तैनात 16929 आरक्षी नागरिक पुलिस को मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत किया गया है।
इनमें जनपद बुलंदशहर जनपद के 205 आरक्षी भी शामिल हैं। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद से 315 आरक्षियों की सूची और करक्टर रोल बीते दिनों पदोन्नति के लिए भेजे गए थे। इनमें अधिकतर आरक्षी वर्ष 2005 से 2010 बैच की भर्ती के थे। कुछ आरक्षी वर्ष 2005 से पूर्व के भी थे। अब शासन स्तर से ज्येष्ठता के आधार पर 205 आरक्षियों को पदोन्नत किया गया है।
एसएसपी ने कार्यालय में पदोन्नत हुए कार्यालय में तैनात आरक्षी विपिन सैनी, जितेंद्र कुमार, नितिन कुमार, सुंदर सिंह और कैंप कार्यालय में तैनात आरक्षी खालिद अली को तीन फीती लगाकर पदोन्नति की शुभकामनाएं दी हैं। इसके अलावा कांस्टेबल जितेंद त्यागी हरेंद समेत अन्य आरक्षी भी पदोन्नति पाकर खुश हैं।
मुख्यालय स्तर से हत्यारोपी को भी मिल गया प्रमोशन सूत्रों की मानें तो पूर्व सदर विधायक हाजी अलीम की हत्या के मामले में जिला कारागार में बंद आरक्षी सारिब का भी प्रमोशन हो गया है। जबकि, नियमानुसार ऐसा नहीं होना चाहिए था।
वहीं, एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि इस बाबत अभी जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो वह जेल में बंद है और वह अपना शपथ पत्र नहीं भर सकेगा। साथ ही इस मामले से आला अफसरों को भी अवगत कराया जाएगा।