केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की कार का एक्सीडेंट हो गया है। ये हादसा कर्नाटक के कन्नड़ जिले में हुआ है। हादसे के वक्त वे अपने परिवार के 6 सदस्यों के साथ अंकोला मंदिर में दर्शन करके वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई, जिसमें नाइक घायल हो गए हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री की पत्नी और पीए की मौत हो गई है।
अंकोला प्रशासन के अनुसार, इस सड़क हादसे में केंद्रीय मंत्री की पत्नी विजया नाइक के सिर में गहरी चोट आई थी। जिसके बाद उन्हें अंकोला के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है।
इसके अलावा मंत्री के पर्सनल असिस्टेंट की भी दुर्घटना में मौत हो गई है। वहीं नाइक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें पणजी के बंबोलिम अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए कहा है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने श्रीपद नाइक के जल्द ठीक होने की कामना की और उनकी पत्नी की मौत पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “दुर्घटना में विजया नाइक जी की मृत्यु की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। माननीय केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक जी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। आशा है कि भगवान उन्हें और उनके परिवार को इस नुकसान से उबरने की शक्ति प्रदान करें।”
केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “कर्नाटक के अकोला में हुई सड़क दुर्घटना में केंद्रीय मंत्री श्रीपद यशो नाइक जी की धर्मपत्नी व निजी सहायक के निधन की दुःखद खबर से मन व्यथित है। ईश्वर से मा. श्रीपद नाइक जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु अन्नत प्रार्थनाएँ।”
रक्षा राज्य मंत्री श्री श्रीपद नाइक के सड़क दुर्घटना में घायल होने के समाचार से मैं स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूँ।गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत से मेरी बातचीत हुई है।श्रीपदजी के इलाज का समुचित प्रबंध राज्य सरकार कर रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि श्रीपदजी जल्दी स्वस्थ हों।
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) January 11, 2021
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक के सड़क दुर्घटना में घायल होने के समाचार से मैं स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूं। गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत से मेरी बातचीत हुई है। श्रीपदजी के इलाज का समुचित प्रबंध राज्य सरकार कर रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि श्रीपदजी जल्दी स्वस्थ हों।’
मिली जानकारी के अनुसार, अंकोला से गोकर्ण का रास्ता 80 किलोमीटर का है। लेकिन आते वक्त ड्राइवर ने हाईवे के बजाय शॉर्टकट का छोटा रास्ता अपनाया था जो करीब 40 किलोमीटर का था। उसी रास्ते पर जाते समय ये हादसा हो गया।