2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जमानत जब्त करेंगे चाचा – भतीजा
प्रसपा के अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर से परिवार के करीब जाने के संकेत दिए हैं। गुरुवार के एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि साल 2022 के चुनाव में सम्मानजनक सीटें मिलने पर समाजवादी के साथ गठबंधन किया जाएगा।
इसके अलावा शिवपाल सिंह ने अन्य पार्टियों के साथ भी अलायंस करने का ऐलान किया है। बता दें कि आज ही शिवपाल सिंह ने कहा था कि उनकी पार्टी सपा से तो क्या किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी, हालांकि इसके कुछ घंटे बाद ही वह अपने बयान से पलट गए।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में साल 2022 के विधानसभा चुनाव की प्लानिंग अभी से शुरू हो गई है। राजनीति में आए इस उबाल से अब यूपी की योगी सरकार पर भी संकट के बादल छाने लगे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य की पार्टियों ने अभी से भारतीय जनता पार्टी बीजेपी के खिलाफ रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
गुरुवार के सपा से गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा, हम 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करेंगे। हमारा संगठन 75 जिलों में पूरा तैयार है। हमारी प्राथमिकता समाजवादी पार्टी है पर अन्य पार्टियों के साथ भी हम अलायंस करेंगे।