कटनी के व्यस्त घंटाघर बाजार में एक किराना व्यापारी से जबरन पैसे मांगने और धमकाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने व्यापारी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुबे कॉलोनी निवासी ईश्वर लाल गेई की घंटाघर बाजार में “रामचंद्र एंड संस” नाम से किराना दुकान है। 29 जून की रात दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और जबरन पैसे मांगने लगे। व्यापारी द्वारा मना करने पर दोनों ने विवाद किया और धमकी देकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला और नहीं बढ़ा।
घटना के बाद व्यापारी संघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने जुहला बायपास स्थित एक ढाबे के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में छोटू उर्फ गिरधारी निषाद और शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, शिब्बू शाण्डिल्य के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।