दिल्ली के शाहीन बाग में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी शरजील इमाम की गिरफ्तारी पर कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कन्हैया कुमार ने कहा कि, सरकार सत्यनारायण भगवान के प्रसाद की तरह देशद्रोह का मुकदमा बांट रही है। कन्हैया ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के विवादित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि, अगर शऱजील पर मुकदमा दर्ज किया गया तो अनुराग ठाकुर पर क्यों नहीं।
संविधान बचाओ, नागरिकता बचाओ रैली की शुरूआत करते हुए बिहार की राजधानी पटना में कन्हैया ने कहा कि, मैं कानून का समर्थक हूं। मुझे उम्मीद है कि पुलिस सत्ता में बैठे लोगों के दबाव में काम नहीं करेगी। दूध का दूध और पानी का पानी होगा।
कन्हैया ने कहा कि, शरजील से मेरा वैचारिक मतभेद है, देश में किसी को भी हिंसा करने की इजाजत नहीं है। देशद्रोह का मुकदमा मुझ पर भी हुआ। लेकिन चार सालों में कुछ भी साबित नहीं हुआ। मेरे कई वीडियो वायरल हुए। कन्हैया कुमार ने कहा कि, अनुराग ठाकुर ने गोली मारने की बात कही है, लेकिन उनपर कोई देशद्रोह का मुकदमा नहीं हुआ? देशद्रोह का गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
आपको बता दें कि पीएचडी छात्र शरजील इमाम को ट्रांजिट रिमांड पर बिहार के जहानाबाद से गिपफ्तार कर दिल्ली लाया गया है। उसे यहां की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। शरजील ने शाहीन बाग में विवादित बयान देते हुए असम को भारत के अलग करने की बात कही थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद शरजील के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ जिसके बाद कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाशी में जुट गई थी।