रिपोर्ट : नंदनी तोदी
लखनऊ: केंद्र के कृषि को कानून को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन को अब तक 50 दिन से ऊपर हो चुके है। सरकार और किसान संगठन के बीच की बैठक बेनतीजा निकलने के बाद अब गणतंत्र दिवस पर ट्रेक्टर रैली निकलेंगी।
आपको बता दें, किसानों द्वारा ये ट्रेक्टर रैली समाजवादी पार्टी की अगुवाई पर निकाली जाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन के समर्थन में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को ट्रैक्टर रैली के संबंध में निर्देश दिए हैं।
अखिलेश ने कहा कि किसान अपनी न्याय संगत मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका अहिंसात्मक आंदोलन ऐतिहासिक बन गया है। गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है। अन्नदाता सम्मान का पात्र है। उनको अपमानित नहीं किया जाना चाहिए। किसानों की मांगों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उनकी मांगों को मानने से राष्ट्र का गौरव बढ़ेगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की मुख्य मांग है तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए, क्योंकि किसान हितों के विरोधी है। इसी के साथ वे न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अनिवार्यता की मांग कर रहे हैं ताकि किसान को उसकी फसल का लाभकारी दाम मिल सकें। भाजपा को समझना चाहिए कि जिनके लिए यह कानून बना है, जब उन्हें ही ये स्वीकार्य नहीं है तो फिर इसका क्या फायदा।
अखिलेश ने कहा कि सपा आंदोलनकारी किसानों की मांगों का पूरी तरह समर्थन करती है। किसानों के समर्थन में किसान यात्रा और घेरा कार्यक्रम चलाए हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को सपा किसानों के साथ गणतंत्र दिवस मनायेगी। इस दिन राज्य भर की प्रत्येक तहसील पर किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर आएंगे। वे समाजवादियों के साथ राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होकर एकता का प्रदर्शन करेंगे।