गाजियाबाद नरेश त्यागी के दो शूटर गिरफ्तार
गाजियाबाद में ठेकेदार नरेश त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने तीन और लोगों की गिरफ्तारी की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में दो शूटर हैं, जिन्होंने नरेश त्यागी की हत्या को अंजाम दिया। वहीं तीसरे पर इन लोगों को हथियार देने का आरोप है।
पुलिस ने इससे पहले गुरुवार को जितेंद्र त्यागी को गिरफ्तार किया था, जिस पर मृतक के भांजे गिरीश त्यागी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। मृतक नरेश त्यागी गाजियाबाद की मुरादनगर सीट से भाजपा विधायक अजीत त्यागी के मामा थे, जिनकी 9 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी।
गाजियाबाद पुलिस ने नरेश त्यागी हत्याकांड में शनिवार को अर्पण चौधरी, विपिन शर्मा और मनोज कुमार नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि इन तीनों ने सुपारी लेकर नरेश त्यागी की हत्या की थी। अर्पण और विपिन शूटर हैं, जिन्होंने नरेश त्यागी को गोली मारी। वहीं मनोज ने इन लोगों को हथियार वगैरह मुहैया कराने में मदद की।
गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले में अब तक चार गिरफ्तारी कर ली हैं। वहीं बीजेपी विधायक अजीत पाल त्यागी का बड़ा भाई गिरीश त्यागी अभी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिशें दे रही है। दो दिन पहले गुरुवार को गाजियाबाद पुलिस ने नौ अक्टूबर को हुए नरेश त्यागी हत्याकांड को सुलझा देने का दावा किया था।
पुलिस ने कहा है कि मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्यागी और विधायक के बड़े भाई गिरीश त्यागी ने सुपारी देकर कराई थी। गिरीश को फरार बताया गया है।