मुखयमंत्री सीएम रावत का ड्रीम प्रोजेक्ट ट्यूलिप गार्डन अब अपनी खूबसूरती से लोगों को अपनी और आकर्षित कर रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे आप कहीं स्वर्ग में आ गए है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर इसकी फोटो शेयर की। साथ ही लिखा कि ‘मुझे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट-मुनस्यारी स्थित ट्यूलिप गार्डन के सफल पायलट की पहली तस्वीरें साझा करने में खुशी हो रही है।
पंचाचूली पर्वतमाला की पृष्ठभूमि के बीच स्थित, यह उद्यान दुनिया के सबसे बड़े ट्यूलिप उद्यानों में से एक होगा और मुनस्यारी क्षेत्र में पर्यटन को बदल देगा’।
दरअसल मुनस्यारी में जिस स्थान पर यह ट्यूलिप गार्डन विकसित किया गया है, उसके पीछे हिमालय की पंचाचुली पर्वत श्रृंखला है।
पिथौरागढ़ जिले में पड़ने वाला मुनस्यारी उत्तराखंड के प्रसिद्ध टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में जाना जाता है। यह इलाका नैनीताल से करीब 264 किलोमीटर दूर है और हर साल यहां हजारों पर्यटक आते हैं।