1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: पहले चरण के चुनाव में ही गोरखपुर में मचा बवाल, दो प्रधान प्रत्याशियों के बीच फायरिंग, लगी एक को गोली

UP: पहले चरण के चुनाव में ही गोरखपुर में मचा बवाल, दो प्रधान प्रत्याशियों के बीच फायरिंग, लगी एक को गोली

By: Amit ranjan 
Updated:
UP: पहले चरण के चुनाव में ही गोरखपुर में मचा बवाल, दो प्रधान प्रत्याशियों के बीच फायरिंग, लगी एक को गोली

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है, जो 18 सीटों पर हो रहा है। वहीं इस पंचायती चुनाव के बीच एक बार फिर हिंस की खबर आई, जहां गोरखपुर में दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। नौबत फायरिंग तक आ गई। जिसमें एक गोली प्रधान पद प्रत्याशी और पूर्व प्रधान 50 वर्षीय राघवेंद्र दुबे को लग गई।

मामला खजनी थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव का है, जहां ग्राम प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच बुधवार देर रात जमकर मारपीट हुई और तीन राउंड फायरिंग की गई। पुलिस के मुताबिक, खजनी थाना क्षेत्र के महुआ डाबर पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम सभा मिश्रौलिया में बुधवार रात करीब 10 बजे वोट मांगने को लेकर ग्राम प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच किसी समर्थक ने तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें से एक गोली प्रधान पद प्रत्याशी और पूर्व प्रधान 50 वर्षीय राघवेंद्र दुबे को लग गई।

आनन-फानन में घायल प्रधान प्रत्याशी को मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। खबरों की मानें तो उनकी हालत अभी नाजुक है। फिलहाल, पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रधान पद के दूसरे प्रत्‍याशी निवर्तमान ग्राम प्रधान शंभू यादव को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ का जा रही है।

बताया जा रहा है कि निवर्तमान प्रधान शंभू यादव के समर्थक वोट मांग रहे थे। वह राघवेंद्र दुबे के एक समर्थक के घर पहुंचे, जहां पर नोकझोंक हुई। इसके बाद शंभू यादव के समर्थक बाइक छोड़कर चले गए। थोड़ी देर में किसी ने खबर दी कि बाइक में तोड़फोड़ की गई है। इसके बाद शंभू यादव और राघवेंद्र दुबे आमने-सामने आ गए और दोनों प्रधान प्रत्याशियों के बीच मारपीट हो रही थी, तभी किसी ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। जिसमें से एक गोली राघवेंद्र दुबे को लग गई और वह खून से लथपथ हो गए। आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

आपको बता दें कि यूपी पंचायत के चुनाव चार चरणों में होने है, जो 15 अप्रैल के बाद 19, 26 और 29 अप्रैल को होगा। जिसका परिणाम 2 मई को यानी की पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ आयेगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...