1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच साझी विकास यात्रा की अपार संभावनाएं- राज्यपाल मंगुभाई पटेल

MP News: मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच साझी विकास यात्रा की अपार संभावनाएं- राज्यपाल मंगुभाई पटेल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक आत्मीयता, व्यापारिक समानता और दीर्घकालिक सहयोग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच साझी विकास यात्रा की अपार संभावनाएं- राज्यपाल मंगुभाई पटेल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक आत्मीयता, व्यापारिक समानता और दीर्घकालिक सहयोग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान देश विचार, सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के स्तर पर एक-दूसरे के काफी निकट हैं, इसलिए परस्पर विकास की यात्रा और अधिक प्रभावी हो सकती है।

राजभवन में आसियान समिति के प्रतिनिधि मंडल के साथ हुई बैठक में राज्यपाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्थिर, सुरक्षित और उद्योग-अनुकूल वातावरण निवेश और संयुक्त परियोजनाओं के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ तैयार करता है। प्रदेश की युवा शक्ति, नवाचार क्षमता और विविध सांस्कृतिक धरोहर सहयोग के नए द्वार खोलती है।

व्यापार, निवेश, पर्यटन और शिक्षा में साझेदारी की व्यापक संभावनाएं

राज्यपाल ने कहा कि मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच व्यापार, निवेश, पर्यटन, ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास, सतत विकास जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक साझेदारी की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पक्षों के बीच तकनीकी और आर्थिक सहयोग आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ को बताया प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि भारत की “एक्ट ईस्ट पॉलिसी” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के साझा इतिहास और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी नीतियों और निवेशकों को सुरक्षा प्रदान करने के कारण मध्यप्रदेश देश के उत्कृष्ट सुधारक राज्यों में शामिल है।

राज्यपाल ने प्रदेश को भारत का “हृदय” बताते हुए कहा कि यहां की धड़कनें संस्कृति, अध्यात्म, प्रकृति, सामाजिक विविधता और विकास की प्रेरणाओं को समेटे हुए हैं। उन्होंने सांची, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों के विकास मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश कृषि और खाद्य उत्पादन में देश की “फूड बास्केट” की भूमिका निभा रहा है।

आसियान प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश की उपलब्धियों की सराहना की

आसियान समिति नई दिल्ली के अध्यक्ष और भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त दातो मुजफ्फर शाह मुस्तफा ने मध्यप्रदेश सरकार के आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आसियान समूह के सभी देश आपसी मित्रता, शांति और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के कृषि, बुनियादी ढांचे, उत्पादन, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने फार्मा, शिक्षा और कौशल विकास में गहरे सहयोग की संभावनाएं भी जताईं।

प्रतिनिधि मंडल में कई देशों के राजदूत हुए शामिल

बैठक में आसियान समिति के प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे-

  • वियतनाम के राजदूत गुयेन थान्ह हाई
  • फिलीपींस के राजदूत जोसेफ एफ. इग्नासियो
  • कंबोडिया की राजदूत रथ मनी
  • तिमोर लेस्ते के राजदूत कार्लितो नुनेस
  • थाईलैंड की राजदूत छवनार्ट थांगसुमफंट
  • इंडोनेशिया की राजदूत इना एच. कृष्णमूर्ति
  • ब्रुनेई दारुस्सलाम के द्वितीय सचिव पेंगिरन मोहम्मद शफी अलवाली

राजभवन में आगमन पर प्रतिनिधियों का स्वागत चंदेरी वस्त्र और पुष्प देकर किया गया। राज्यपाल ने सभी मेहमानों को सांची स्तूप की प्रतिकृति भेंट की।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...