रिपोर्ट: सत्यम दुबे
मिर्जापुर: यूपी पंचायत चुनाव न जाने कितने ऐसे तस्वीर दिखायेगी, जिसको जानकर अश्चर्य के अलावा कुछ हो भी नहीं सकता है। चाहे जौनपुर से बॉलीवुड अभिनेत्री का पंचायत चुनाव में भाग्य आजमाना हो, चाहे आरक्षण बदलने के बाद बेटे की शादी कर बहु को चुनावी मैदान में उतारना हो। ये बाते तो पुरानी हो चुकी हैं। पंचायत चुनाव की नई तस्वीर मिर्जापुर जिले से सामने आई है, जहां एक वर्तमान विधायक की पत्नी से नामांकन के दौरान पूछा गया कि देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कौन हैं, तो वो नहीं बता पाईं।

आपको बता दें कि मिर्ज़ापुर की राजनीति के सबसे मजबूत परिवार में से एक सोनभद्र से सांसद पकौड़ी कोल की बहू और छानबे से विधायक राहुल कोल की पत्नी रिंकी सिंह ने गुरुवार को नामांकन कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। रिंकी सिंह को अपना दल (S) ने राजगढ़ से प्रत्याशी बनाया है।
बहु का नामांकन कराने सांसद ससुर और विधायक पति दोनों बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौजूद रहे। काफी लाव लस्कर के बीच नामांकन के बाद पत्रकारों ने जब बात करते हुए रिंकी सिंह से जब देश के पीएम और राज्य के सीएम का नाम पूछा तो वह नहीं बता पाईं। आपको बता दें पत्रकारों के इस सवाल पर उम्मीदवार रिंकी सिंह ने सवाल के जवाब में चुप्पी साध ली और मुस्कुराने लगी। तभी पीछे खड़े विधायक पति ने मामले को संभाला।
इसके बाद यही हाल बीजेपी नेता मनी राम कोल का भी हुआ। नामांकन करने के बाद मनीराम कोल से जब पत्रकारों ने प्रदेश के पंचायती राज मंत्री का नाम पूछा तो वह नाम नहीं बता पाए। अपने नेता को फंसता देख समर्थक ने पीछे से आशुतोष टंडन का नाम लिया जिसे उन्होंने पंचायती राज मंत्री के रूप में बता दिया।
आपको बता दें कि मिर्ज़ापुर जिला कलेक्ट्रेट में गुरुवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए राजगढ़ वार्ड संख्या-3 से अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (S) की प्रत्याशी रिंकी सिंह ने अपना नामांकन किया। रिंकी सिंह अपना दल (S) से छानवे सुरक्षित विधान सभा सीट से पार्टी के विधायक राहुल कोल की पत्नी हैं। विधायक राहुल कोल के पिता पकौड़ी कोल राबर्ट्सगंज संसदीय सीट से अपना दल (S) के सांसद हैं।
जबकि बीजेपी नेता मनीराम कोल मिर्जापुर में हलिया के वार्ड नंबर-4 से जिला पंचायत सदस्य के पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने उन्हें जिला पंचायत सदस्य का टिकट दे कर मैदान में उतारा है। मिर्ज़ापुर जिले में कुल 44 जिला पंचायत सदस्य की सीट हैं। यह दोनों अलग-अलग सीट से जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनावी मैदान में हैं।
आपको बता दें कि इस बार मिर्ज़ापुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुई है। इसलिए एक तरफ जहां मनीराम कोल बीजेपी से अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदारों में से एक है तो अगर बीजेपी से समीकरण बैठा तो अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल(S)से रिंकी सिंह भी अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदारों में से एक हैं।