शिवपुरी जिले में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। बदरवास, रन्नौद और इंदार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का माल भी बरामद किया है।
कुछ दिन पहले बदरवास क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेन्द्र कुमार गुप्ता के घर चोरी की घटना सामने आई थी। चोर घर में रखे सोने-चांदी के पुराने आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने बदरवास, नेशनल हाईवे और गुना क्षेत्र के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो कार की पहचान की गई।
पुलिस ने सबसे पहले बोलेरो चालक पुरूषोत्तम गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। जांच में सामने आया कि कुछ आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए बाहरी अपराधियों को बुलाया था और वारदात से पहले प्राचार्य के घर की लंबे समय तक रेकी कराई गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने करीब डेढ़ महीने तक मकान और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने साजिश रचने और रेकी कराने में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो कार को भी जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और संभावित अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।