रिपोर्ट: सत्यम दुबे
झांसी: यूपी की योगी सरकार एक बार फिर शहरों और स्टेशनों के नाम बदलने को लेकर चर्चा में है। हाल ही में फिरोजाबाद जिले का नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया गया है। इसके बाद अब झांसी रेलवे स्टेशन का भी नाम बदलने के लिए प्रस्ताव सरकार की ओर से दे दिया गया है। योगी सरकार ने झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन करने का प्रस्ताव दिया है। इसकी जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में दी।
लोकसभा में नित्यानंद राय ने बताया कि झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन करने का प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से मिला है। हालांकि अभी तक इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गई है कि ऐसा कब होगा।
आपको बता दें कि अगर झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलता है तो ये उत्तर प्रदेश में ऐसा पहला मामला नहीं होगा। इससे पहले भी मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन किया गया था। वहीं इलाहबाद का नाम प्रयागराज, फैजाबाद का अयोध्या किया गया है।
योगी सरकार ने इलाहबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया था। जिसके बाद प्रयागराज के चार स्टेशनों के नाम भी बदल दिए गए थे। अब इलाहबाद जंक्शन को प्रयागराज जंक्शन के तौर पर जाना जाता है। वहीं इलाहबाद सिटी स्टेशन का नाम अब प्रयागराज रामबाग, इलाहबाद छिवकी का नाम प्रयागराज छिवकी और प्रयागराज घाट का नाम बदल कर प्रयागराज संगम कर दिया गया है।
इसके साभ ही योगी कैबिनेट ने मुगलसराय तहसील का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय तहसील करने को मंजूरी दी थी जिसके बाद इसका नाम बदल दिया गया। वहीं इलाहबाद का नाम प्रयागराज कर दिया गया है.।इसके अलावा फैजाबाद जिले का का नाम बदलकर अयोध्या रखा गया है।