रिपोर्ट: सत्यम दुबे
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश में जिला पंजायत चुनाव के बाद से ही जिलों के नाम बदलने के प्रस्ताव सरकार तक जाने लगे हैं। हाल ही में फिरोजाबाद का नाम बदलने के लिए सरकार को प्रस्ताव पास करके भेजा गया था। अब अलीगढ़ जिले का नाम बदलने के लिए भी प्रस्ताव पास कर लिया गया है। इसके साथ ही मैनपुरी जिले का भी नाम बदलने के लिए प्रस्ताव पास किया गया है।
आपको बता दें कि जो प्रस्ताव पास किया गया है, उसमें अलीगढ़ जिले का नाम बदलकर ‘हरिनगर’ करने की मांग की गई है। जबकि मैनपुरी जिले का नाम बदलकर ‘मयन ऋषि’ के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास किया गया है।
अलीगढ़ के लिए जिला पंचायत की हुई बैठक में हरिगढ़ नाम रखने का प्रस्ताव रखा गया था. जिसे सर्वसम्मति से पास भी कर दिया गया। वहीं मैनपुरी जिला पंचायत ने भी जिले का नाम बदलने का प्रस्ताव पास कर दिया है। अलीगढ़ में जिला पंचायत बोर्ड की हुई मीटिंग में केहरी सिंह और उमेश यादव ने अलीगढ़ का नाम बदलकर ‘हरिगढ़’ रखने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया।
मैनपुरी में भी जिला पंचायत के सदस्यों ने मयन ऋषि की तपोभूमि होने के चलते मैनपुरी का नाम मयन नगर रखने का प्रस्ताव रखा। बैठक के दौरान मैनपुरी का नाम बदले जाने को लेकर कुछ जिला पंचायत सदस्यों की ओर से विरोध भी किया गया। हालांकि, जिला पंचायत सदस्यों के बहुमत मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने मैनपुरी का नाम मयन नगर रखने का प्रस्ताव पास कर दिया।
अब जिला पंचायत में पास किए गए इन प्रस्तावों को अब सरकार के पास भेजा जाएगा, जहां फैसला लिया जाएगा इनका नाम बदलना है या नहीं। मौजूदा वक्त में अलीगढ़ में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू की समधन विजय सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। वहीं, मैनपुरी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पहली बार बीजेपी के पास आई है। अभी तक वहां सपा का ही कब्जा रहता था। इस बार चुनावों में बीजेपी की अर्चना भदौरिया जिला अध्यक्ष चुनी गईं।
आपको बता दें कि योगी सरकार ने इससे पहले इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया है। वहीं मुगलसराय रेलवे स्टेशन का भी नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय किया गया है। अब फिरोजाबाद,अलीगढ़ और मैनपुरी का नाम बदले का भी प्रस्ताव पास हो गया है।