ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अरविंद कुमार सक्सेना ने बुधवार को डबरा देहात थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, महिला डेस्क, सीसीटीएनएस प्रणाली, समन-वारंट रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाने में पदस्थ आईपीएस प्रशिक्षु मनोज कुमार के तीन माह के कार्यकाल में किए गए कार्यों की समीक्षा करना था। IG ने उनके कार्य प्रदर्शन की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, जप्ती रजिस्टर, अचल संपत्ति रजिस्टर और सीनियर सिटीजन रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का परीक्षण किया गया। थाना स्तर पर रिकॉर्ड संधारण को व्यवस्थित पाया गया।
IG सक्सेना ने महिला डेस्क की व्यवस्था को बेहतर बताया और महिला अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के प्रयासों की सराहना की। साथ ही थाने की साफ-सफाई और पुराने रिकॉर्ड के संरक्षण को भी सराहा गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई। पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से संबंधित जानकारी भी साझा की।