1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. भोपाल में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, विभिन्न देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

भोपाल में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, विभिन्न देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

भोपाल के रवींद्र भवन में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत आयोजित ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में विभिन्न देशों के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन वैश्विक एकता और सांस्कृतिक सहयोग के संदेश के साथ ग्रैंड फिनाले में हुआ।

By: Nivedita 
Updated:
भोपाल में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, विभिन्न देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रिक्स सदस्य और सहभागी देशों के कलाकारों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को विविध संस्कृतियों से रूबरू कराया।

सांस्कृतिक परेड से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

महोत्सव की शुरुआत विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों की आकर्षक सांस्कृतिक परेड से हुई। इस दौरान बेलारूस, ब्राजील, इंडोनेशिया, रूस, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और भारत के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक पहचान के साथ मंच पर उपस्थिति दर्ज कराई।

विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम में बेलारूस के लोकगीत और लोकनृत्य, ब्राजील की पारंपरिक मार्शल आर्ट एवं नृत्य शैली कैपोएरा, इंडोनेशिया का बालीनीज स्वागत नृत्य, रूस के पारंपरिक वाद्ययंत्रों की संगीतमय प्रस्तुति तथा संयुक्त अरब अमीरात के अमीराती संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति ने संबंधित देश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

 

राजस्थान की लोक संस्कृति ने बिखेरे रंग

भारत की ओर से प्रस्तुत “मारू रंग–राजस्थान की विरासत” कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें घूमर, कालबेलिया, चरी और भवाई जैसे प्रसिद्ध लोकनृत्यों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की मनमोहक झलक देखने को मिली।

ग्रैंड फिनाले के साथ दिया वैश्विक एकता का संदेश

महोत्सव का समापन भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ हुआ, जिसमें सभी सहभागी देशों के कलाकार एक मंच पर एकत्र हुए। इस अवसर पर सांस्कृतिक एकता, आपसी सम्मान और वैश्विक सद्भाव का संदेश देते हुए अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...