उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई । घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है । वहीं, घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया । साथ ही परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है ।
मामला बांदा जिले के फतेहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जबरापुर का है । जहां छोटा सोनी पुत्र शिवचरण सोनी मंगलवार की शाम अपनी दुकान बंद करके घर जा रहा था । तभी बघेलाबारी और जबरापुर के बीच में नट बाबा के कुछ अज्ञात बदमाशों ने मृतक छोटा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । गोली लगने से छोटा की मौके पर ही मौत हो गई । बता दें कि छोटा सर्राफा व्यापारी था । जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने हत्या के बाद छोटा से लाखों रुपए के जेवरात और नगद रुपए लूट लिए । सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने इलाके के लोगों के साथ शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।

बता दें कि पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है । जिसके चलते परिजनों ने सड़क जामकर नारेबाजी भी की । उनकी मांग है कि बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाए । जिसके बाद पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की । साथ ही पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा । पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन करना बंद किया । अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप चौहान ने इस संबंध में बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।