उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ के कुछ फिल्मी हस्तियों के साथ बैठक के बाद शिवसेना और भाजपा के बीच लगातार जुबानी जंग हो रही है। शिवसेना नेताओं की ओर से कहा जा रहा है कि ये मुंबई से फिल्म उद्योग को यूपी शिफ्ट करने की कोशिश है।
इसी क्रम में अब शिवसेना विधायक और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गुलाब पाटिल का भी बयान आया है। पाटिल ने कहा है कि बॉलीवुड से कोई यूपी भला क्यों जाएगा, वहां जाकर क्या उन्हें डाकू बनना है।
गुलाब पाटिल ने बुधवार को कहा, बॉलीवुड भला उत्तर प्रदेश क्यों जाएगा। क्या बॉलीवुड के लोग डकैत बनने यूपी जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि मुंबई देश की वाणिज्यिक राजधानी है और फिल्म उद्योग यहीं रहेगा। कोई भी बॉलीवुड को मुंबई से दूर नहीं ले जा सकता है।
इससे पहले शिवसेना सांसद और पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, दक्षिण भारत में भी बड़ी फिल्म इंडस्ट्री है और पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी फिल्म सिटीज हैं। क्या योगी आदित्यनाथ इन जगहों पर जाकर भी कलाकारों से बात करेंगे या मुंबई में ही वो ये सब कर रहे हैं।
राउत ने कहा कि मुंबई की फिल्म सिटी अगर कोई यहां से लेकर जाने की बात करता है तो यह मजाक है, इतना आसान नहीं है। इतनी साल पुरानी फिल्म सिटी है। हम सबका खून-पसीना बहा है। यूपी सीएम से इतना ही पूछूंगा कि आप कोई बड़ा प्रोजेक्ट बनाना चाहते हैं बनाइए। लेकिन कुछ साल पहले जो नोएडा में फिल्म सिटी बनी थी उसका क्या हाल है। वहां कितनी फिल्मों की शूटिंग हुई, ये हमें आकर बताइए।