उज्जैन संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और एडीजी श्री राकेश गुप्ता ने मंगलवार को प्रशासनिक अमले के साथ आगामी दिनों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
आगामी 17 सितंबर को ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक ऐतिहासिक और वृहद आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। इस दिन ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिससे शहर दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।

निरीक्षण के दौरान शीर्ष अधिकारियों द्वारा रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट और गीता भवन का बारीकी से मुआयना किया गया। गीता भवन पहुंचकर वहां मुख्य कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और आगंतुकों के आवागमन की रूपरेखा का विशेष रूप से जायजा लिया गया।
इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त और एडीजी के साथ डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।