टीकमगढ़/पलेरा: पलेरा नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न शासकीय-अशासकीय विद्यालयों के साथ सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रैली निकालकर लोगों में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल पलेरा के रामराजा ग्राउंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शिल्पी अतुल खटीक ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत सहित विभिन्न विद्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम हुए। सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक ने कई कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और विद्यार्थियों व नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मॉडल स्कूल में आयोजित समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गायन, गीत-संगीत, कला और विज्ञान से संबंधित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।
जिले की मेरिट सूची में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और बेहतर शिक्षा हासिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत और प्रतिभा के जरिए माता-पिता के साथ-साथ देश और समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील खटीक, जनपद पंचायत पलेरा के सीईओ अरविंद कुमार बोरकर, नगर परिषद अध्यक्ष गायत्री वर्मा, विनोद वर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष संदीप रानू तिवारी, मंडल अध्यक्ष पवन सिंग्या, पार्षद शीला जयराम रजक, अनिल खटीक सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, शिक्षक, विद्यार्थी और नगरवासी मौजूद रहे।