रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, सियासी सरगर्मी के साथ-साथ बयानबाजी भी बढ़ती जा रही है। सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं। मायावती ब्राह्मणों को साधकर साल 2007 की तरह सूबे की सत्ता वापस पाना चाहती हैं। वहीं अखिलेय़ यादव भी अब ब्राह्मणों को साधन में लग गये हैं। जबकि BJP भी विकास के साथ-साथ जातीय समींकरण दुरुस्त करने में लग गई है।
एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल किया गया कि आपकी सरकार की ओर से बड़े दावे किये जाते हैं लेकिन फिर भी हाथरस, उन्नाव जैसी घटनाएं घटती हैं। ऐसा क्यों? महिलाओं की सुरक्षा के मामले में क्या यूपी सरकार नाकाम रही है? इस सवाल पर स्वतंत्र देव सिंह ने जवाब दिया कि यूपी में योगी राज में लड़कियां रात के 12 बजे भी घर से बाहर निकल सकती हैं। किसी की हैसियत नहीं है कि लड़कियों को छेड़ दे और अगर छेड़ देता है तो फिर उसकी खैर नहीं है। इसके बाद उन्होने समाजवादी पार्टी या बहुजन समाज पार्टी की सरकारों पर निशाना साधा।
BJP चुनावी मोड़ में आ गई है। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पार्टी आलाकमान के साथ राज्य में दूसरी बार सरकार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी उज्ज्वला 2 योजना को लॉन्च करने के लिए 10 अगस्त को उत्तर प्रदेश में होंगे। जबकि पूर्वांचल के मिर्जापुर विंध्य धाम कॉरिडोर के शिलान्यास में अमित शाह भी पिछले दिनों पहुंचे थे।
वहीं शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा लखनऊ पहुंचे। जहां वो शनिवार को राजधानी लखनऊ और रविवार को आगरा में पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों व संगठन संबंधी बैठकों में शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नड्डा पार्टी के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस दौरान नड्डा पार्टी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की बैठक को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी की संगठनात्मक बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों व अन्य प्रमुख नेताओं को संबोधित करेंगे।