रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: योगी सरकार की नीति और रणनीति से उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी दम तोड़ती हुई दिखाई दे रही है। यही कारण है कि योगी सरकार ने प्रदेश में अनलॉक कर दिया है। लेकिन देश में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ते हुए दिखाई दे रहें हैं। जिसको देखते हुए अब योगी सरकार सख्त नजर आ रही है। सीएम योगी ने देश में बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी में रात्रि कर्फ्यू का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही अब प्रदेश में सरकार रात में दुकान बंद करने के लिए पुलिस हूटर बजाएगी।
सरकार द्वारा जारी आदेश को देखें तो अब पुलिस रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक लागू रात्रि कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराएगी। मौजूदा वक्त में केरल के साथ देश के कई और राज्यों में फिर से कोरोना के मामले बढ़े हैं। जिसको देखते हुए योगी सरकार किसी भी तरह की ढील नही बरतना चाहती है।
देश के पांच राज्यों में कोरोना संक्रमण का रफ्तार तेज हो गया है। देश में गुरुवार को कोरोना के नये मरीजों की संख्या का 88.45 फीसदी हिस्सा सिर्फ 5 राज्यों से है। उसमें भी 67.35 परसेंट नए कोरोना मामले अकेले केरल में सामने आए हैं। गुरुवार को देश में कोरोना के कुल 44,658 नए मामले दर्ज किए गए।
इसमें से केरल में ही 30,077 कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके अलावा महाराष्ट्र में 5,108, तमिलनाडु में 1,559, आंध्र प्रदेश में 1,539 और कर्नाटक में 1,213 केस सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना महामारी से 496 मरीजों की मौत हुई है। जिसमें केरल में 162 और महाराष्ट्र में 159 लोगों की जान गई है। राहत की बात यह है कि देश में रिकवरी रेट बढ़कर 97.6 फीसदी हो गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश में भी कोरोना के 21 नये मामले सामने आये हैं। मौजूदा वक्त में सूबे के 18 जिलों में एक भी एक्टिव केस नहीं हैं। वहीं सूबे में कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 06 करोड़ 68 लाख 47 हजार के पार हो चुका है।