1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रामलला के दरबार में सोनू निगम ने लगाई हाजिरी, जताई ये इच्छा

रामलला के दरबार में सोनू निगम ने लगाई हाजिरी, जताई ये इच्छा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
रामलला के दरबार में सोनू निगम ने लगाई हाजिरी, जताई ये इच्छा

रिपोर्ट: नंदनी तोदी
अयोध्या : भव्य राम मंदिर निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। देश के राष्ट्रपति, समेत कई बड़े नेताओं ने अपना योगदान भी दिया है। हाल ही बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने भी भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे चंदा अभियान के तहत अपील की। जिसके बाद अब जाने- माने संगीतकार भी सामने आएं हैं।

सिंगर सोनू निगम रविवार देर शाम अयोध्या पहुंचे और रामलला के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई। सोनू ने दर्शन पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या आकर अभिभूत हूं। अयोध्या भारत का हृदय स्थल है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भारत की गरिमा का विषय है। राम मंदिर सभी को जोड़ने का काम करेगा।

सोनू ने कहा कि उनके मन में बहुत दिनों से अयोध्या आने की इच्छा थी। उन्होंने कहा,”राम लला का दर्शन कर मन में अजीब सी शांति व आनंद का अनुभव हुआ है। मेरी भी इच्छा है कि राम मंदिर में एक ईंट रख दूं। वास्तव में यह मेरी ही नहीं समस्त भारतवासियों की इच्छा है कि वह राम मंदिर में अपना योगदान कर सकें। राम मंदिर निर्माण की कल्पना सदियों से अधूरी थी जो अब पूरी हो रही है।

इसके अलावा सोनू ने सभी भारतवासियों से अपील की कि वे राम मंदिर निर्माण में अपना सहयोग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे रामलला के लिए एक गाना भी बनाएंगे। उन्होंने मोहम्मद रफी का गाना ‘मुझे अपनी शरण में ले लो राम’.. गुनगुना कर भगवान श्री राम के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि वे उनके प्रशंसक हैं। बॉलीवुड का प्रधान केंद्र तो मुंबई ही है लेकिन यदि यूपी में भी फिल्म की शूटिंग के रास्ते खुलेंगे तो यह और भी अच्छा होगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...