1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कृषि बिल: स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर किया पलटवार, कहा- वे बिचौलियों के पक्ष में यात्रा कर रहे हैं

कृषि बिल: स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर किया पलटवार, कहा- वे बिचौलियों के पक्ष में यात्रा कर रहे हैं

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कृषि बिल: स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर किया पलटवार, कहा- वे बिचौलियों के पक्ष में यात्रा कर रहे हैं

केन्द्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्राओं पर भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को पलटवार करते हुए कहा कि वह किसानों के पक्ष में नहीं ‘बल्कि देश को लूटने वाले बिचौलियों’ के पक्ष में यात्राएं कर रहे हैं।

कांग्रेस के सत्ता में आने पर कृषि कानूनों को खत्म कर दिया जाएगा, गांधी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राहुल गांधी सपनों की दुनिया में रहते हैं, जहां उन्हें लगता है कि वह राजा हैं।’’

स्मृति ईरानी ने सवाल किया, जब गांधी कृषि कानूनों का विरोध करते हैं, तो क्या वह इस प्रावधान का भी विरोध करते हैं कि किसानों को फसल बेचने के तीन दिनों के भीतर उनका मूल्य मिल जाएगा, या क्या किसान देश में कहीं भी अपनी उपज बेच सकते हैं, या इसके तहत, उनके वसूली के लिए जमीन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

केन्द्रीय मंत्री ने यहां कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि राहुल गांधी की कांग्रेस यात्रा किसानों का नहीं बिचौलियों का समर्थन करता है और इससे देश में किसी को आश्चर्य नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि गांधी परिवार कभी भी वंचित तबके के लिए खड़ा नहीं हुआ है, वह हमेशा बिचौलियों के साथ रहा है।

ईरानी ने आरोप लगाया, ‘‘उनकी पार्टी और खास तौर से उनके परिवार की राजनीति हमेशा बिचौलियों पर निर्भर रही है जिन्होंने देश को लूटा है।’’ उन्होंने खास तौर से कहा कि देशभर में न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत फसलों की खरीद जारी है।

आपको बता दें कि राहुल गांधी पंजाब में ने ट्रैक्टर यात्रा की शुरुआत करते हुए किसान कानून के खिलाफ पंजाब के मोगा में एक जनसभा को संबोधित किया था। इसमें उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में किसानों के साथ अंग्रेजी की तरह व्यवहार किया जा रहा है। राहुल ने कहा था कि अगर सत्ता में लौटे तो वह काला कानून निरस्त करेंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...