दिवाली (Diwali 2026) का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई की तैयारी शुरू हो जाती है। घर के कोने-कोने को चमकाने से लेकर किचन, बाथरूम, पंखे और खिड़कियों की सफाई तक कई काम एक साथ सामने आ जाते हैं। ऐसे में, घंटों झुककर काम करने और लगातार मेहनत करने से कमर दर्द और थकान की परेशानी हो सकती है। लेकिन अगर सफाई सही तरीके और प्लानिंग के साथ की जाए, तो कम समय और कम मेहनत में घर को साफ-सुथरा बनाया जा सकता है। इस दिवाली स्मार्ट प्लानिंग और आसान क्लीनिंग टिप्स अपनाकर आप बिना थकान के घर को चमका सकते हैं। ऐसे में, त्योहार की तैयारी में घर की सफाई के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखा जा सकता है। आइए जानते हैं दिवाली की सफाई के 5 (diwali home cleaning tips) शानदार टिप्स।
दिवाली की सफाई शुरू करने से पहले घर के सभी हिस्सों की एक लिस्ट बना लें। तय करें कि किस दिन बेडरूम, किस दिन किचन और किस दिन लिविंग रूम की सफाई करनी है। एक ही दिन में पूरा घर साफ करने की कोशिश न करें। इससे काम का दबाव कम होगा और शरीर को भी आराम मिलेगा।
सफाई करते समय सबसे पहले पंखे, दीवारों, अलमारियों और ऊंची जगहों की धूल साफ करें। इसके बाद टेबल, फर्नीचर और दूसरी सतहों की सफाई करें। आखिर में फर्श साफ करें। इस तरीके से ऊपर की धूल दोबारा साफ किए गए फर्श पर गिरेगी, जिससे आपका समय और मेहनत दोनों बचेंगे।

घर में रखे पुराने अखबार, बेकार डिब्बे, टूटे-फूटे सामान और इस्तेमाल में न आने वाली चीजों को अलग कर लें। जरूरी सामान को सही जगह पर रखें और बाकी चीजों को जरूरत के मुताबिक हटाएं। इससे घर में जगह बढ़ेगी और सफाई करना भी आसान हो जाएगा।
लंबे हैंडल वाले झाड़ू, पोछे और डस्टर का इस्तेमाल करें, ताकि बार-बार झुकना न पड़े। खिड़कियों और फर्नीचर की सफाई के लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा उपयोगी हो सकता है। सफाई के दौरान भारी सामान अकेले उठाने से बचें और जरूरत पड़ने पर किसी की मदद लें।
लगातार कई घंटे सफाई करने के बजाय 20-30 मिनट काम करने के बाद छोटा ब्रेक लें। पानी पीते रहें और शरीर को आराम दें। कमर में दर्द होने पर जबरदस्ती काम जारी न रखें। सफाई के दौरान आरामदायक मुद्रा अपनाना और जरूरत से ज्यादा मेहनत से बचना जरूरी है।