शिवपुरीः कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लाखों का माल बरामद किया है। बता दें कि 27 मार्च को एक ही रात में इलेक्ट्रॉनिक गोदाम और एक ध्यान केंद्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि दुबेपुरा निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने चतुर्भुज अस्पताल के पास स्थित अपने गोदाम से तीन फ्रिज चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी दिन न्यू दर्पण कॉलोनी निवासी अभिनव भटनागर ने सामने बने ध्यान केंद्र से एलईडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी जिस पर जांच शुरू की गई।
एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। 4 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए ग्वालियर बायपास पर घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर लोडिंग वाहन सहित दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कोलारस निवासी राजू कुशवाह और ऐंचवाड़ा, बैराड़ निवासी देवेन्द्र कुशवाह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन फ्रिज, एक एलईडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम, डिजिटल प्लेयर सहित पीतल और तांबे की धार्मिक सामग्री बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल किया गया लोडिंग वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
शिवपुरी से संवाददाता कुलदीप गुप्ता की रिपोर्ट