सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल के सख्त निर्देशों के पालन में जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिहंद जलाशय के डूबा क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध रेत जब्त की है।
खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी राम सुशील चौरसिया, राजस्व अमले एवं पुलिस चौकी सासन थाना कोतवाली बैढ़न की संयुक्त टीम ने ग्राम सासन और टूसाखांड की सीमा पर छापेमार कार्रवाई की।
इस दौरान लगभग 216 घन मीटर लावारिस एवं अवैध रूप से भंडारित रेत बरामद की गई। जब्त की गई रेत को नियमानुसार रेत ठेकेदार को सुपुर्दगी में देते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है। वहीं, संबंधित प्रकरण में खनिज नियमों के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सिंगरौली से संवाददाता अमित पाण्डेय की रिपोर्ट