शामली: बुखार से पीड़ित 4 साल के बेटे को शामली से दवाई दिलाकर सरधना वापस लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल डाला। इस दर्दनाक हादसे में महिला और बिमार बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दर्दनाक हादसा गुरुवार की शाम मेरठ-करनाल मार्ग पर हुआ। बाइक सवार दंपति अपने 4 साल के बेटे को डॉक्टर से दवाई दिलाकर सरधना वापस जा रहे थे। जैसे ही वह बुढ़ाना रोड़ पर मेरठ- करनाल मार्ग के निकट मुरारी लाल हॉस्पिटल के पास पहुँचे तो सामने से तेज़ गति से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। महिला व बच्चा ट्रक के नीचे आ गए।
राहगीरों ने बताया कि रोड़ी से भरा ओवरलोड ट्रक तेजी से आ रहा था और उसने बाइक में जोर से टक्कर मारी। महिला व बच्चा ट्रक के नीचे आ गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भिजवाया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है लेकिन अभी तक ट्रक अथवा चालक का कोई सुराग नही मिल पाया है।