{ सुरेंद्र लड़वाल की रिपोर्ट }
चम्पावत जनपद में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। अब तक कोरोना संक्रमण से बचा जिला प्रवासियों के लौटने के साथ ही कोरोना की चपेट में आ गया है।
लाॅकडाउन में मिली छूट के बाद बाहरी प्रदेशों से आने वाले का क्रम जारी है। जनपद की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल पर बाहर से आने वालों की स्क्रिनिंग की जा रही है।
गुरुवार को भी गुरुग्राम, पुणे व मुबई से तमाम लोग आए थे। स्क्रिनिंग में 39 लोगों का तापमान अधिक पाया गया। जिसके बाद सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए हल्द्वानी भेजे गए। 39 लोगों के साथ ही अन्य को भी टनकपुर व बनबसा में क्वारंटाइन किया गया है।
30 लोगों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार को दोपहर बाद आ गई थी, जिसमें से सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। शेष नौ की जांच रिपोर्ट शुक्रवार रात को आई।
नौ में से सात लोग पाॅजीटिव पाए गए हैं। एक साथ सात लोगों के पाॅजीटिव पाए जाने से स्वास्थ्य महकमे के साथ ही प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है।
शनिवार की सुबह जैसे ही लोगों को जिले में सात लोगों के पाॅजीटिव पाए जाने की बात सामने आए लोगों में दहशत छा गई।
सीएमओ डाॅ.आरपी खंडूरी ने सात केस पाॅजीटिव पाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी को आइसोलेट किया गया है।
सातों को चम्पावत जिला अस्पताल में भर्ती किए जाने की तैयारी की जा रही है। क्योंकि जनपद का कोविड-19 अस्पताल चम्पावत का जिला अस्पताल बनाया गया है। सभी को टनकपुर से चम्पावत लाने की तैयारी हो रही है।
उन्होंने बताया कि आज पाॅजीटिव पाए गए लोगों के साथ आए अन्य लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे। उनकी ट्रैवल हिस्ट्री जुटाई जा रही है। ये लोग जिन जिन बसों से आए थे, उन बसों में सवार सभी लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि शुक्रवार तक उत्तराखंड में कुल 153 लोग कोरोना पाॅजीटिव पाए गए थे।
चम्पावत जिले में सात नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 160 हो गई है।