दतिया। सेवढ़ा थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से अवैध हथियार और शराब बरामद की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में अवैध हथियार और शराब ले जाई जा रही है। घेराबंदी के दौरान चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 देसी कट्टे, 1 देसी अधिया, 4 जिंदा राउंड और 7 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।