मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 21 फरवरी को दतिया जिले की सेवढ़ा तहसील में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिले को लगभग ₹532 करोड़ के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात दी। कृषि उपज मंडी प्रांगण, सेवढ़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकार्पण, भूमिपूजन-शिलान्यास के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹299.32 करोड़ की लागत से पूर्ण 53 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा ₹233.24 करोड़ की लागत से 21 नवीन कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से सेवढ़ा और दतिया क्षेत्र में सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सिंध नदी पर ₹47.96 करोड़ की लागत से निर्मित नए पुल का लोकार्पण रहा। इस सेतु के शुरू होने से सेवढ़ा और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और व्यापार व कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत ₹53.20 करोड़ की लागत से नगर सेवढ़ा और 122 गांवों के लिए जलावर्धन योजनाओं का लोकार्पण किया। वहीं ₹72.51 करोड़ की लागत से 199 गांवों के लिए नई जलावर्धन योजना का भूमिपूजन भी किया गया। इसके साथ ही ₹128.78 करोड़ की लागत से 10 प्रमुख सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन, ₹29.97 करोड़ से दतिया–उनाव–झांसी मार्ग के उन्नयन तथा ₹26.98 करोड़ से आठ ग्रामीण सड़कों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में बसई स्थित संदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (₹40 करोड़), बड़ौनी में मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल (₹31 करोड़) और दतिया में विभिन्न नवीन भवनों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा दतिया में संत रविदास सामुदायिक भवन और बड़ौनी में पीबीटीजी सामुदायिक भवन के लिए ₹1 करोड़ की स्वीकृति दी गई।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष रतनगढ़ जल परियोजना, इंदरगढ़ बायपास, सड़क चौड़ीकरण, सेवढ़ा में नए कॉलेज भवन, खेल मैदान, स्वास्थ्य उपकेंद्र, पर्यटन विकास और पीडब्ल्यूडी सब-डिवीजन कार्यालय जैसी मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी, संबल योजना, सामूहिक विवाह, शिक्षा में दूध, साइकिल, लैपटॉप-स्कूटी जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रतनगढ़ सिंचाई परियोजना के लिए ₹2250 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिससे हजारों किसानों को लाभ मिलेगा। गौशालाओं के अनुदान में वृद्धि और पशुपालकों के लिए सब्सिडी योजनाओं की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम में क्षेत्र की सांसद संध्या राय, विधायक प्रदीप अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रघुवर सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक आशा नागिल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया और सेवढ़ा सहित पूरा ग्वालियर-चंबल अंचल सरकार की प्राथमिकता में है। सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार-इन सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास के जरिए क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प सरकार ने लिया है। ₹532 करोड़ से अधिक के इन विकास कार्यों से सेवढ़ा-दतिया क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, रोजगार और जीवनस्तर में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
