मध्यप्रदेश के उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ-2028 को सुरक्षित और तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में दशहरा मैदान पर अत्याधुनिक अग्निशमन और आपदा प्रबंधन तकनीकों का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसमें रोबोट, ड्रोन और स्मार्ट फायर सिस्टम जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं का डेमो प्रस्तुत किया गया।
इस लाइव डेमो कार्यक्रम में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा उपस्थित रहे। विशेषज्ञ डॉ. पी.एस. राँहागडाले और उनकी टीम ने आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और आपदा प्रबंधन तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
डेमो के दौरान नगर निगम की फायर टीम को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित रेस्क्यू, आग पर नियंत्रण, और आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से प्रतिक्रिया देने की ट्रेनिंग दी गई। आधुनिक मशीनों के संचालन और उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी साझा की गई।

प्रस्तावित सुरक्षा व्यवस्था में ऑल टेरेन व्हीकल (ATV), क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV), कम्प्रेस्ड एयर फोम सिस्टम (CAFS), फायर फाइटिंग रोबोट, ड्रोन आधारित निगरानी प्रणाली और मोबाइल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी उन्नत तकनीकों को शामिल किया जा रहा है।
इन तकनीकों की मदद से सिंहस्थ क्षेत्र की संकरी गलियों, घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कम समय में राहत एवं बचाव कार्य किया जा सकेगा। ड्रोन तकनीक के माध्यम से थर्मल इमेजिंग और रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी, जिससे आग या किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने कहा कि यह आधुनिक व्यवस्था केवल सिंहस्थ-2028 तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में उज्जैन शहर की अग्निशमन और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को भी अधिक मजबूत और प्रभावी बनाएगी।