समाजवादी पार्टी ने कन्नौज में अर्धनग्न प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने यह प्रदर्शन कलेक्ट्रेट जाने से जबरन रोके जाने से आक्रोशित होकर किया।
कन्नौज प्रशासन ने प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के लिये सुबह से ही गिरफ्तारी शुरू कर दी थी। जो सपा नेता किसी तरह पार्टी कार्यालय पहुंच गये, उन्हें गेट पर ताला लगा कार्यालय के अंदर ही नजरबंद कर दिया गया।
बता दें कि कन्नौज में सपा के प्रदर्शनों को लेकर पुलिस प्रशासन कुछ ज्यादा ही सावधानी बरत रहा है। जिसकी बड़ी वजह सपा के पुराने प्रदर्शनों के रिकॉर्ड है।
यहां सपाई अखिलेश यादव की नजरों में चढ़ने के लिये कोई भी हथकंडा अपना सकते हैं। जो कई बार प्रशासन के गले कि हड्डी बन चुका है। इसलिए इस बार प्रशासन सपा नेताओं को एकजुट ही नही होने दे रहा है।
प्रशासन की कार्यवाही से आक्रोशित सपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में ही अर्धनग्न प्रदर्शन कर सरकार पर अपनी भड़ास निकाली।
बाद में पहुंचे फोर्स ने प्रदर्शनकारी सपाइयों को पार्टी कार्यालय से निकाल गिरफ्त में लिया और पुलिसलाइन पहुंचाया। कन्नौज डीएम का कहना है कि कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिये यह कदम उठाया गया है।