1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. रिपब्लिक भारत टीवी के जाने-माने एंकर विकास शर्मा का हुआ निधन, तीन दिनों से थे बीमार

रिपब्लिक भारत टीवी के जाने-माने एंकर विकास शर्मा का हुआ निधन, तीन दिनों से थे बीमार

By: Amit ranjan 
Updated:
रिपब्लिक भारत टीवी के जाने-माने एंकर विकास शर्मा का हुआ निधन, तीन दिनों से थे बीमार

नई दिल्ली : रिपब्लिक भारत टीवी के जाने-माने एंकर विकास शर्मा (Vikas Sharma) का गुरुवार शाम को निधन हो गया, जिससे पूरे मीडिया महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। एक तरफ जहां पूरी मीडिया जगत ने इस घटना को लेकर शोक प्रकट की, वहीं दूसरी तरफ कई हस्तियों ने भी उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी। खबरों की मानें तो विकास पिछले तीन दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे, जिस कारण उनका इलाज नोएडा सेक्टर-71 स्थित कैलाश हॉस्पीटल में चल रहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक, शर्मा को बुखार से पीड़ित थे। कुछ दिनों पहले वह कोरोना संक्रमित हुए थे, लेकिन इसे उन्होंने मात दे दी थी। हालांकि कोरोना से रिकवर होने के बाद वे बिना रेस्ट कर एकबार फिर वापस सेट पर लौटे, जिस दौरान उनकी तबियत बिगड़ने लगी और पुनः अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आपको बता दें कि विकास शर्मा रात 9 बजे ‘ये भारत की बात है’ शो को प्रस्तुत करते थे। रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। अर्नब ने कहा कि यह उनके न्यूज नेटवर्क के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उन्होंने कहा कि विकास की एंकरिंग का अलग अंदाज था और उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि अब विकास नहीं रहे।

गोस्वामी ने कहा कि विकास जमीन से जुड़े हुए एंकर थे, साथ ही वो बहुत टैलेंटेड थे। विकास शर्मा के निधन पर कई जानी-मानी हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। फिल्ममेकर अशोक पंडित, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, बीजेपी विधायक दिनेश चौधरी आदि ने ट्वीट करके संवेदना जाहिर की है।

बता दें कि 35 वर्षीय विकास शर्मा कानपुर के रहने वाले थे, जिन्होंने नोएडा के कैलाश अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। विकास के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। विकास शर्मा लंबे समय से मीडिया में कार्यरत थे। वह ‘समाचार प्लस’, ‘इंडिया न्यूज’, ‘जनता टीवी’, ‘साधना न्यूज’ और ‘टोटल टीवी’ में भी एंकर रह चुके थे। इसके अलावा वह ‘टीवी100 उत्तराखंड’ चैनल में रिपोर्टर और एंकर पद पर काम करने के साथ ही ‘S1’ न्यूज चैनल में न्यूज डेस्क पर और ‘एफएम रेनबो’ दिल्ली में भी काम कर चुके थे।

अगर हम उनकी पढ़ाई की बात करें तो विकास शर्मा ने कानपुर विश्वविद्यालय से बीएससी करने के बाद माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के नोएडा कैंपस से ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म में एमए की पढ़ाई की थी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...