धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक और विकास गतिविधियां लगातार तेज होती नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में उज्जैन विकास प्राधिकरण में नवागत अध्यक्ष रवि सोलंकी और संचालक मंडल सदस्यों का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जहां शहर के विकास और सिंहस्थ को लेकर बड़े विजन की बात सामने आई है।

उज्जैन विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में बिल्डर, कॉलोनाइजर, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता-कार्यकर्ता, व्यापारी, प्रॉपर्टी ब्रोकर और एडवोकेट्स मौजूद रहे। कार्यक्रम में नवागत अध्यक्ष रवि सोलंकी का स्वागत और अभिनंदन किया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद रवि सोलंकी ने सिंहस्थ 2028 को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि आगामी महाकुंभ को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की रफ्तार तेज की जाएगी। साथ ही शहर में नए इंफ्रास्ट्रक्चर और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा कि अंगारेश्वर, मंगलनाथ, हरसिद्धि, भूखी माता मंदिर, ऋण मुक्तेश्वर और भर्तृहरि गुफा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके साथ ही रवि सोलंकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की मंशा के अनुरूप EWS और LIG वर्ग के लोगों को सस्ते और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने का भी संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में उज्जैन विकास प्राधिकरण शहर के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट