1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार अब मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जायेगा, PM मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी, CM योगी ने किया स्वागत

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार अब मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जायेगा, PM मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी, CM योगी ने किया स्वागत

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के नाम से जाना जायेगा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार। पीएम मोदी ने कहा कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा जाएगा।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार अब मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जायेगा, PM मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी, CM योगी ने किया स्वागत

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

नई दिल्ली: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के नाम से जाना जायेगा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार। पीएम मोदी ने कहा कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा जाएगा। पीएक के इस फैसले पर देशभर से प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। उन्होने कहा कि मैं उनके विचारों के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। उनकी भावना का सम्मान करते हुए, खेल रत्न पुरस्कार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कहा जाएगा!

पीएम मोदी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होने कहा कि ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रयासों से हम सभी अभिभूत हैं। विशेषकर हॉकी में हमारे बेटे-बेटियों ने जो इच्छाशक्ति दिखाई है, जीत के प्रति जो ललक दिखाई है, वो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।

पीएम मोदी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारत के उन अग्रणी खिलाड़ियों में से थे जिन्होंने भारत के लिए सम्मान और गौरव अर्जित किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश का सर्वोच्च खेल सम्मान उन्हीं के नाम पर रखा जाना बिल्कुल सही है।

इसके साथ ही उन्होने कहा कि तोक्यो ओलिंपिक में पुरुष और महिला हॉकी टीम का असाधारण प्रदर्शन ने समूचे देशवासियों के दिलो-दिमाग में बस गया है। देश के एक छोर से लेकर दूसरे छोर तक हॉकी के प्रति एक नए सिरे से रुचि उभर रही है। यह आने वाले समय के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।

पीएम मोदी के इस फैसले का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी स्वागत किया है। सीएम योगी ने भी ट्वीट कर कहा कि, “उत्तर प्रदेश में जन्मे हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के नाम पर खेल रत्न पुरस्कार का नामकरण असंख्य खेल प्रेमियों व सम्पूर्ण खेल जगत का सम्मान है। उत्तर प्रदेश की ओर से आपका हृदय से आभार आदरणीय प्रधानमंत्री जी!”

आपको बता दें कि 29 अगस्त 1905 में प्रयागराज तत्कालीन (इलाहाबाद) में जन्में मेजर ध्यान चंद सिंह के जन्मदिवस को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसके साथ ही अब राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जाय़ेगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...