रिपोर्ट: सत्यम दुबे
देहरादून: उत्तराखंड में बारिश का कहर लगातार जारी है। बारिश से लोगो का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शनिवार को भी राजधानी देहरादून और हल्द्वानी में बारिश के साथ ही दिन की शुरुआत हुई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 24 घंटे में नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने इन सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ ही राज्य के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। राजधानी में अगले 24 घंटे में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

लगातार हो रही बारिश के कारण भवाली-हल्द्वानी हाइवे पर वीरभट्टी पुल के पास मलबा आने के बाद यातायात पूरी तरह बाधित था। वहीं दोगांव के पास सड़क का 20 मीटर हिस्सा दरक कर खाई में समा गया है। जिससे सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शनिवार सुबह से ही गंगा का जलस्तर 293.05 मीटर पर चल रहा है जबकि वार्निंग लेवल 293 मीटर है। बैराज की क्षमता 294 मीटर है। इससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से धनोरी क्षेत्र में खेतों में पानी भर गया है।
हालात तो ये हो गये हैं कि भूस्खलन और भूधंसाव से पांच नेशनल हाईवे समेत कुल 200 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। टिहरी जिला प्रशासन ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 58 को तपोवन से मलेथा तक आवागमन के लिए बंद कर दिया है। पहाड़ियों से लगातार पत्थर और बोल्डर गिरने से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा खतरनाक बनी हुई है।