केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सरकार के हल्ला बोल रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब से इस कानून के खिलाफ ट्रैक्टर रैली की शुरुआत की है, आज वो हरियाणा में अपनी रैली कर रहे है।
राहुल गांधी ने कहा कि हमारी ये यात्रा मोदी सरकार के तीन काले कानूनों के खिलाफ है। ये मौजूदा सिस्टम को खत्म करने का तरीका है, पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और अब ये कानून लाया जा रहा है। राहुल ने कहा कि हम पंजाब और हरियाणा के किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
राहुल गांधी बोले कि पहले नोटबंदी हुई तो गरीब लोगों पर हमला हुआ, जीएसटी आया तो कारोबारियों पर हमला हुआ और फिर आपने अचानक लॉकडाउन कर दिया, गरीब सड़क पर मर गया।
जिस तरह मोदी जी ने पहले नोटबंदी, जीएसटी की और कोरोना के समय किसान, मजदूर, छोटे उद्योगों की कोई मदद नहीं की। उसी प्रकार ये कानून भी किसानों पर आक्रमण है, जिसे हम रोकेंगे। इन कानूनों के खिलाफ हम लड़ेंगे: श्री @RahulGandhi#किसान_न्याय_यात्रा pic.twitter.com/tzBkXZ5IJe
— Congress (@INCIndia) October 6, 2020
राहुल ने कहा कि जब मैंने कोरोना की बात करी तो मजाक उड़ाया, एक व्यक्ति कह रहा है कि 20-21 दिन में लड़ाई खत्म हो जाएगी, उन्हें ये ही नहीं पता कि कोरोना क्या है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बोले कि मुझे लगता है कि खुद पीएम मोदी को भी ये तीन कृषि कानून समझ नहीं आते हैं। कांग्रेस नेता बोले कि 6 महीने बाद देश में ना रोजगार होगा और ना ही भोजन होगा, क्योंकि सिस्टम को तोड़ दिया गया।
लेकिन मेरी इस बात का फिर मज़ाक उड़ाया जाएगा। मोदी सरकार ने इन कानूनों को लेकर सब कुछ तोड़ दिया। आज कम मंडियां हैं, कुछ जगह भ्रष्टाचार है लेकिन किले को ही तोड़ दिया तो किसान नहीं बचेगा। राहुल बोले कि पीएम मोदी सिर्फ अंबानी-अडानी के लिए रास्ता साफ कर रहे हैं।