पन्ना जिले के जनपद पंचायत गुनौर अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारी के रतनपुरा मुक्तिधाम में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। आदिवासी समुदाय के लोगों ने गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा से शिकायत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और पूरे मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों का आरोप है कि मुक्तिधाम की पहले से बनी बाउंड्री को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया। उनका कहना है कि बाउंड्री में लगे पत्थरों का उपयोग नए निर्माण कार्य में किया गया, जबकि बड़ी मात्रा में पत्थरों को मिट्टी के नीचे दबा दिया गया।

आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम उनके समुदाय के लिए आस्था और परंपरा से जुड़ा स्थान है। उनका आरोप है कि दफन संस्कार के दौरान उपयोग में आने वाले पत्थरों को मिट्टी में दबा देने से भविष्य में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसी कारण उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में पूर्व में कराए गए विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि गांव में बनाए गए कई चेक डैम निर्माण की गुणवत्ता खराब होने के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने इन कार्यों में भी वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।
विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित मामले की जांच कराई जाएगी। अब ग्रामीणों की निगाह इस बात पर है कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।