1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कांवड़ यात्रा रद्द करने का लिया फैसला, कोरोना का बढ़ता केस बना अड़चन

उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कांवड़ यात्रा रद्द करने का लिया फैसला, कोरोना का बढ़ता केस बना अड़चन

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कांवड़ यात्रा रद्द करने का लिया फैसला, कोरोना का बढ़ता केस बना अड़चन

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

देहरादून: कोरोना महामारी के कम होने के बाद भी केस अब भी मिल रहे हैं। वहीं उत्तराखंड सरकार ने महामारी के तीसरे लहर की आशंकाओं को देखते हुए इस साल होने वाले कांवड़ यात्रा को रद्द करने का फैसला किया है। उत्तराखंड के नये नवेले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर इस मासले पर बात की थी। कयास लगाया जा रहा है कि वह जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात करने के बाद कांवड़ यात्रा शुरू करने पर फैसला कर सकते हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने महामारी के तीसरी लहर के बड़े खतरे देखते हुए पर्यटन स्थलों को खोले जाने पर चिंता व्यक्त की। इसके साथ ही IMA ने केंद्र और राज्य सरकारों से कम से कम तीन महीने के लिए कोरोना गाइडलाइंस को सख्ती से लागू करने की अपील भी की।

IMA ने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों को लिखी गई चिट्ठी में कहा कि, ‘पर्यटक, तीर्थ यात्रा, धार्मिक उत्साह सभी की जरूरत है, लेकिन कुछ और महीनों तक इंतजार कर सकते हैं।’ IMA अध्यक्ष डॉक्टर जेए जयलाल और महासचिव डॉक्टर जयेश लेले ने चिट्ठी में कहा, ‘देश केवल कोरोना महामारी की विनाशकारी दूसरी लहर से बाहर निकल रहा है, अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है, उपलब्ध वैश्विक सबूत और किसी भी महामारी के इतिहास में साफ है कि तीसरी लहर आएगी और जल्द ही आने वाली है।

इसके साथ ही महीने की शुरुआत में ही उत्तराखंड हाई कोर्ट ने चारधाम यात्रा पर लगाई गई रोक को 28 जुलाई तक बढ़ा दिया। पहले यह रोक 7 जुलाई तक थी, जिसे सुनवाई के बाद आगे बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से चारधाम की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए चारधाम बोर्ड से फैसला लेने को कहा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...