भोपाल। पुराने शहर में मोती मस्जिद के नजदीक मुख्य मार्ग पर की गई ट्रैफिक बैरिकेडिंग को लेकर व्यापारियों का विरोध लगातार जारी है। व्यापारियों का कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण आवागमन और कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया था और बाजार बंद रखने की चेतावनी भी दी थी।
मामले को लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याएं सामने रखीं। इस दौरान गोविंद गोयल भी मौजूद रहे। बैठक में व्यापारियों ने बैरिकेडिंग से जुड़ी दिक्कतों और पुराने शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी।

पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ MANIT के विशेषज्ञों से भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद यातायात व्यवस्था को लेकर उचित निर्णय लेने की बात कही गई। पुराने शहर में अतिक्रमण की समस्या और यातायात को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया गया।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल के मास्टर प्लान को जल्द लागू कराने के लिए वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। उनका कहना है कि मास्टर प्लान लागू होने से शहर की यातायात व्यवस्था समेत कई अन्य शहरी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जा सकेगा। फिलहाल व्यापारियों और प्रशासन के बीच बातचीत के बाद सभी की नजर इस बात पर है कि बैरिकेडिंग को लेकर आगे क्या निर्णय लिया जाता है।