भोपालः मध्य प्रदेश के दमोह जिले की हटा तहसील के बीजोड़ी पाठक गांव में एक दलित दूल्हे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घोड़ी पर सवार होकर बारात ले जा रहे दलित समाज के दूल्हे को कुछ दबंगों ने जबरन उतारकर पीटा। दूल्हे के परिवार और बहन के साथ भी मारपीट की बात कही जा रही है।
इस घटना पर कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आज भी दलित समाज को सम्मान से विवाह करने से रोका जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अगर आजादी के 70-80 साल बाद देश का यह हाल है कि दलित समाज का बच्चा घोड़े पर बैठकर किसी के सामने से नहीं निकल सकता है। तो आज हम कितना आगे बढ़े हैं इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है।
सामाजिक जीवन में जहां दुर्गंध आती हो वहां समाज सुधारक, शासन के लोग, राजनीतिक दलों के लोग अवसरवादी चुप्पी साध लेते हैं। नायक ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट