भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 21 जून को दोपहर बाद कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 22 जून की सुबह वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा, आवागमन, आवास, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं ताकि कार्यक्रम का संचालन प्रोटोकॉल के अनुरूप किया जा सके।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से कूनो नेशनल पार्क एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बनेगा। हाल के वर्षों में चीता पुनर्वास परियोजना के कारण कूनो नेशनल पार्क देश-विदेश में विशेष पहचान बना चुका है। राष्ट्रपति का यह दौरा क्षेत्र के पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को भी नई पहचान देने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।