भोपालः रायसेन में आयोजित कृषि मेले को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मेले में जाने की अनुमति न मिलने पर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जीतू पटवारी का कहना है कि उन्होंने पहले ही मेले में शामिल होने के लिए अनुमति मांगी थी और इस संबंध में पत्र भी लिखा था। उनका कहना है कि उन्होंने साफ कहा था कि अगर अनुमति मिलेगी तो जाएंगे, नहीं तो आखिरी दिन पहुंचेंगे।
पटवारी के मुताबिक, आज उन्हें एक पुलिस अधिकारी का फोन आया, जिसमें कहा गया कि सरकार नहीं चाहती कि वे मेले में जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के लिए रास्तों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
श्री पटवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ कृषि मेले में जाकर आधुनिक तकनीकों और व्यवस्थाओं को देखना है। इस दौरान उन्होंने किसानों के मुद्दे भी उठाए। उनका कहना है कि किसानों ने 2 हजार रुपये से कम दाम में गेहूं बेचा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। कांग्रेस लगातार किसानों के मुद्दों को उठा रही है।
पटवारी ने यह भी कहा कि यह बड़ा कृषि मेला केंद्र सरकार के नेतृत्व में आयोजित हो रहा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री और देशभर का मीडिया शामिल हो रहा है। आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
वहीं, दिग्विजय सिंह से मुलाकात पर जीतू पटवारी ने कहा कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लगातार मार्गदर्शन लेते रहते हैं। राज्यसभा, संगठन और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्यसभा में कांग्रेस का ही उम्मीदवार जाएगा।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट