1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. दलित परिवार की बारात पर पुलिस की बर्बरताः कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

दलित परिवार की बारात पर पुलिस की बर्बरताः कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

पीड़ित दलित परिवार ने एडवोकेट अमित शुक्ला से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की। जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भेंट कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की।

By: Naredra 
Updated:
दलित परिवार की बारात पर पुलिस की बर्बरताः कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

कटनीः इंदिरा नगर क्षेत्र में बीते दिनों एक दलित परिवार के शादी समारोह के दौरान अमदरा से आई बारात पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज एवं बर्बर कार्रवाई को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कड़ी निंदा की है।

पीड़ित दलित परिवार ने एडवोकेट अमित शुक्ला से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भेंट कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने एवं उन्हें निलंबित (सस्पेंड) करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि दलित परिवार के शादी समारोह में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति संभालने के बजाय निर्दोष बारातियों पर अंधाधुंध लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान लगभग 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लड़की के भाई के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह बुरी तरह घायल है।

अमित शुक्ला ने कहा कि हद तो तब हो गई जब पुलिस विवाह मंडप से ही दूल्हा-दुल्हन को उठाकर थाने ले गई, जो कि सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों के खिलाफ है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, विशेषकर दलित समाज में गहरा रोष व्याप्त है।

अमित शुक्ला ने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर दलित परिवार के साथ इस प्रकार की अमानवीय और दमनात्मक कार्रवाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करेगी।

कटनी से संवाददाता सत्येंद्र गौतम की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...