1. हिन्दी समाचार
  2. ताजा खबर
  3. पीएम मोदी ने बिहार में 541 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, कहा-आत्मनिर्भर बिहार देगा आत्मनिर्भर भारत मिशन को गति

पीएम मोदी ने बिहार में 541 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, कहा-आत्मनिर्भर बिहार देगा आत्मनिर्भर भारत मिशन को गति

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से बिहार में शहरी अवसंरचना से जुड़ी 541 करोड़ रुपये की सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है उनमें से चार परियोजनाएं जल आपूर्ति से संबंधित हैं। साथ ही दो जल-मल शोधन संयंत्र व एक परियोजना रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से संबंधित है।

इन परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बिहार की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर बिहार अत्मनिर्भर भारत मिशन को गति देगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गंगा के किनारे बसे जितने भी शहर हैं, वहां गंदे नालों का पानी सीधे गंगा जी में गिरने से रोका जाए। इसके लिए अनेकों वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट्स लगाए जा रहे हैं। आज जो बेऊर और करम-लीचक की योजना का उद्घाटन हुआ है, उससे इस क्षेत्र के लाखों लोगों को लाभ होगा।

पीएम मोदी ने कहा बिहार के लोगों का तो गंगा जी से बहुत ही गहरा नाता है। गंगा जल की स्वच्छता का सीधा प्रभाव करोड़ों लोगों पर पड़ता है। गंगा जी की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए ही बिहार में 6 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 50 से ज्यादा परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यक है कि हमारे शहरों में संभावनाएं हों, समृद्धि हो, सम्मान हो, सुरक्षा हो, सशक्त समाज हो और आधुनिक सुविधाएं हों। शहरीकरण आज के दौर की सच्चाई है। लेकिन कई दशकों से हमारी एक मानसिकता बन गई थी, हमने ये मान लिया था जैसे कि शहरीकरण खुद में कोई समस्या है, कोई बाधा है। लेकिन मेरा मानना है, ऐसा नहीं है। ऐसा बिलकुल भी नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा बिहार देश के विकास को नई ऊंचाई देने वाले लाखों इंजीनियर देता है। बिहार की धरती तो आविष्कार और इनोवेशन की पर्याय रही है। बिहार के कितने ही बेटे हर साल देश के सबसे बड़े इंजीनियरिंग संस्थानों में पहुंचते हैं, अपनी चमक बिखेरते हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...