1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: PCC चीफ जीतू पटवारी का छलका दर्द, ‘मैं खुद वनवास भुगत रहा हूं’ कहने पर BJP ने कसा तंज

MP News: PCC चीफ जीतू पटवारी का छलका दर्द, ‘मैं खुद वनवास भुगत रहा हूं’ कहने पर BJP ने कसा तंज

जीतू पटवारी के बयान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। सुमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए जनता की सेवा नहीं, बल्कि सत्ता ही सर्वोपरि है।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: PCC चीफ जीतू पटवारी का छलका दर्द, ‘मैं खुद वनवास भुगत रहा हूं’ कहने पर BJP ने कसा तंज

मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर ‘वनवास’ शब्द चर्चा के केंद्र में आ गया है। जीतू पटवारी के एक बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं से अनौपचारिक चर्चा में कहा कि “मैं तो खुद वनवास भुगत रहा हूं।” उनके इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तंज कस दिया है।

इंदौर दौरे में दिया बयान, बढ़ी सियासी हलचल

इंदौर प्रवास के दौरान जीतू पटवारी जब पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे, तब उन्होंने अपनी वर्तमान राजनीतिक स्थिति की तुलना ‘वनवास’ से कर दी। उनका यह संक्षिप्त लेकिन भावनात्मक बयान सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस खेमे में इसे आत्ममंथन के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं विपक्ष ने इसे सत्ता न मिलने की हताशा करार दिया है।

बीजेपी का तंज: सत्ता से दूर रहना कांग्रेस को लगता है वनवास

जीतू पटवारी के बयान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। सुमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए जनता की सेवा नहीं, बल्कि सत्ता ही सर्वोपरि है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष बनते समय सत्ता सुख की उम्मीद थी, लेकिन जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। अब सत्ता से बाहर रहने का समय उन्हें ‘वनवास’ जैसा प्रतीत हो रहा है।

कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भी हमला

बीजेपी ने इस बयान के बहाने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर भी निशाना साधा। सुमित मिश्रा ने आरोप लगाया कि जीतू पटवारी की कार्यशैली से पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज हाशिए पर चले गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूदा नेतृत्व से असंतुष्ट हैं और यही असंतोष अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी को मजबूत कर रहा है।

नर्मदा परिक्रमा वाला तंज भी चर्चा में

बीजेपी नेता ने अंत में तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह पहले ही नर्मदा परिक्रमा कर चुके हैं, कहीं ऐसा न हो कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पूरी पार्टी को ही नर्मदा परिक्रमा पर जाना पड़े। इस बयान ने राजनीतिक बहस को और तीखा कर दिया है। जीतू पटवारी के ‘वनवास’ वाले बयान ने मध्यप्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है, जहां कांग्रेस इसे भावनात्मक पीड़ा बता रही है, तो बीजेपी इसे सत्ता से दूरी की हताशा करार देकर लगातार हमलावर है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...