पलेरा में सीमांकन कार्य के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में पटवारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ तहसील इकाई ने तहसीलदार को दो ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पहली घटना में ग्राम बम्होरीकला में हल्का पटवारी वैभव ओमरे के साथ अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगे हैं। दूसरी घटना ग्राम बराना में पटवारी मुकेश कुशवाहा के साथ सीमांकन कार्य के दौरान जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और धमकी देने की बात सामने आई है। दोनों मामलों में कार्य में बाधा डालने और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।
पटवारी संघ ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से राजस्व कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है और शासकीय कार्य करना कठिन होता जा रहा है। संघ ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो सभी पटवारी और राजस्व कर्मचारी शासकीय कार्यों का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। तहसीलदार ने मामले को संज्ञान में लेकर आगे की कार्रवाई पुलिस को भेजने की बात कही है।