देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच सरकार को 14 तारीख से संसद सत्र शुरु करना है और उसी को लेकर तमाम तैयारियां शुरु कर दी गई है। इससे पहले सरकार ने प्रश्नकाल स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया था लेकिन बाद में विपक्ष के विरोध के कारण उसको बदल दिया गया था। अब सांसद अपने सवाल लिखित तौर पर पूछ पाएंगे।
इसी बीच आज एक और अहम जानकारी निकलकर सामने आ रही है। दरअसल बताया जा रहा है कि संसद की कार्यवाही में भाग लेने आने वाले सांसदों के लिए कोरोना से बचाव का एक प्रोटोकॉल और एसओपी तैयार किया गया है।
प्रोटोकॉल में संसद भवन आने के 72 घण्टे पहले सभी सांसदों को कोरोना जांच कराने की सलाह दी गई है। ऐसा नहीं करने पर सांसदों को संसद भवन में प्रवेश करने के पहले कोरोना जांच से गुज़रना होगा।
प्रोटोकॉल के मुताबिक़, अगर कोई सांसद बाहर से जांच करवाए बिना संसद भवन पहुंचता है तो उसका रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाया जाएगा और एंटीजन टेस्ट का परिणाम अगर नेगेटिव आता है तो सांसद को अंदर जाकर संसद की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति मिलेगी।